अजय चौधरी
दिल्ली एनसीआर में इन दिनों प्रदूषण की वजह से हालात भयावह होते जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इन हालातों को एमरजेंसी जैसी स्थिति करार दिया है। ऐसे में समाजसेवी संस्था सेव फरीदाबाद की डॉक्यूमेंट्री फिल्म “लंग्स ऑफ फरीदाबाद” चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस फिल्म के माध्यम से संस्था ने अरावली पर्वतमाला की असल स्थिती और बढ़ रहे प्रदूषण और गंदगी की समस्या को दिखाने की कोशिश की गई है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे फरीदाबाद सहित दिल्ली एनसीआर के फेफडों के रुप में काम करने वाली अरवाली को किस तरह निजी हितों के चलते नष्ट किया जा रहा है। ये फिल्म हमारे आने वाले कल के बारे न केवल सचेत करती है बल्कि हमें सोचने पर विवश करती है।
इस फिल्म में अरावली की खूबसूरती और उसकी मनोहर वादियां सामने लाई गई हैं और इस खूबसरती पर मंडरा रहे खतरे के बारे में बताया गया है। डॉक्यूमेंट्री में बताया गया है कि कैसे खनन, अवैध निर्माण ओर पेडों की कटाई कर इसकी प्राकृतिक सुंदरता को नष्ट करने की कोशिश की है। साथ ही यहां रहने वाले वन्य जीवों और पशु पक्षियों पर इसका क्या दुष्प्रभाव पडा है।
इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म का सबसे अच्छा भाग सन् 1980 में आई बीआर चोपडा की फिल्म “द बर्निग ट्रेन” के एक गाने “पहली नजर में” का है। ये गाना उस वक्त अरावली की वादियों में बसी और पर्यटन स्थल के रुप में जाने जाने वाली बडख़ल झील का है। वीडियो में दिखाया गया है कि बडख़ल उस समय किस तरह पानी और लोगों से गुलजार रहती थी और आज कैसे बंजर नजर आती है। वैसे बड़खल झील सूखने के बाद से ही एक चुनावी मुद्दा बन गई। ये झील हर वर्ष अखबारों की सुर्खियां बनती है। नेता अपने बयानों से लोगों में एक उम्मीद जगाते हैं कि झील में पानी आने वाला है, आ रहा है, यहां से लाया जाएगा इसके बाद झील गुलजार हो जाएगी। लेकिन झील के होंठ आज भी प्यासे हैं और वैज्ञानिक तौर पर देखा जाए तो इसके भविष्य में भी भरने के कोई हालात नजर नहीं आते। लेकिन लोगों की भावनाओं से जुडी होने के कारण ये चुनावी मुद्दा हमेशा रहेगी।
इस डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक पवन भारद्वाज ने दस्तक इंडिया को बताया कि इस फिल्म के माध्यम से हम लोगों में पर्यावरण के प्रती प्रेम जगाना चाहते हैं। क्योंकि अगर लोग सेवन फरीदाबाद की इस मुहिम से भावनात्मक रुप से जुडेगें तभी हम सब मिलकर अरावली और अपने आने वाले कल को बचा पाएंगे।
देखें डॉक्यूमेंट्री-
https://www.youtube.com/watch?v=pO_AAtVGR7M